बिहार का राजनीतिक तापमान इन दिनों चढ़ा हुआ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले और उनके बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। आज सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत को जदयू में शामिल होने वाले हैं।
निशांत कुमार के स्वागत की भव्य तैयारी
निशांत कुमार दोपहर 1 बजे आधिकारिक तौर पर JDU में शामिल होंगे। उनके राजनीति में प्रवेश को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। निशांत कुमार के पार्टी में स्वागत को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी है। पटना में जगह-जगह पोस्टर लगाए जा रहे हैं।
पार्टी नेताओं से मुलाकात
पार्टी ज्वाइन करने से पहले निशांत ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। शुक्रवार की देर रात पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के घर पहुंचे और पार्टी के युवा विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। कहा जा रहा है कि इस बैठक में संगठन और सरकार की योजनाओं को लेकर चर्चा की गई तथा नीतीश कुमार के काम करने के तरीके को जारी रखने की चुनौतियों को लेकर चर्चा की गई। उस बैठक में शामिल कई युवा विधायकों ने अपनी बात भी रखी।
डिप्टी सीएम और गृह मंत्री के रूप में लॉन्चिंग की तैयारी
निशांत कुमार की इस राजनीतिक एंट्री को नीतीश कुमार की विरासत संभालने के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी के भीतर उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग पहले ही उठ चुकी है, हालांकि सूत्रों का दावा है कि उनकी शुरुआती ‘लॉन्चिंग’ डिप्टी सीएम और गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों के साथ हो सकती है।

