भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर विभिन्न राज्यों के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। पार्टी की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यह नियुक्तियां की हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके।
बिहार-ओडिशा और हरियाणा में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति
राज्यसभा के आगामी चुनाव को लेकर देशभर की सियासत में गर्माहट बढ़ गई है। साथ ही राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी भी तेज कर दी है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार, ओडिशा और हरियाणा में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।
बिहार के लिए दो पर्यवेक्षक नियुक्त
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार के लिए छत्तिसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, ओडिशा के लिए महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चन्द्रशेखर बावनकुले और हरियाणा के लिए गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किया है।
पांच सीटों के लिए बिहार में 6 कैंडिडेट
बता दें बिहार में पांच सीटों में से 2 भारतीय जनता पार्टी और 2 जनता दल यूनाइटेड के खाते में जाना तय है। हालांकि पांचवी सीट पर पेच फंसा हुआ है। राष्ट्रीय जनता दल ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है। ऐसे में यहां चुनाव की स्थिति बन गई है। पांच सीटों के लिए बिहार में 6 कैंडिडेट हैं। भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए के प्रत्याशी के तौर पर सीएम और जनता दल यूनाइटेड के नेता नीतीश कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री और जदयू नेता रामनाथ ठाकुर, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बीजेपी नेता एवं पूर्व विधायक शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से उपेंद्र कुशवाहा ने पर्चा भरा है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल यानी राजद की ओर से एडी सिंह प्रत्याशी हैं।

