आज समृद्धि यात्रा पर अररिया और किशनगंज पहुंचेंगे सीएम नीतीश, विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा और जनसंवाद

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत आज किशनगंज और अररिया जिलों के दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान सीएम दोनों जिलों में 721 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय स्तर पर चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और आम जनता से संवाद कर विकास कार्यों का फीडबैक लेंगे।

दोनों जिलों को देंगे करोड़ों की सौगात

मुख्यमंत्री पहले अररिया जिले में समृद्धि यात्रा करेंगे। 331 करोड़ की लागत से 6 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। 157 करोड़ की लागत से 60 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। 58 करोड़ की लागत से दो योजनाओं का कार्य शुरू भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री किशनगंज में 133 करोड़ की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास और 102 करोड़ की लागत से 49 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

अत्याधुनिक पुलिस लाइन भवन का उद्घाटन

नीतीश कुमार की यात्रा अररिया के न्यू पुलिस लाइन (हरियाबाड़ा) से शुरू होगा। यहां वे 54 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक पुलिस लाइन भवन का उद्घाटन करेंगे। यह पुलिस लाइन करीब 35 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है, जिसमें प्रशासनिक भवन, प्रशिक्षण केंद्र, अस्पताल, स्कूल, महिला एवं पुरुष बैरक, पारिवारिक आवास, अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए भी आवासीय सुविधाएं विकसित की गई हैं। 

नर्सिंग कॉलेज का भी उद्घाटन करेंगे सीएम

इसके बाद मुख्यमंत्री अररिया आरएस में 29.6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एएनएम-जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान (नर्सिंग कॉलेज) का उद्घाटन करेंगे। इस संस्थान का शिलान्यास वर्ष 2017 में हुआ था, जो अब बनकर तैयार हो गया है। निर्माण एजेंसी द्वारा एकेडमिक ब्लॉक को हैंडओवर कर दिया गया है और उद्घाटन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां हर साल लगभग 200 छात्र-छात्राओं को नर्सिंग प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार और करियर के अवसर मिलेंगे।

दोपहर में किशनगंज पहुंचें नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से किशनगंज पहुंचेंगे। जहां हेलीपैड पर उतरने के बाद वे सीधे पावर ग्रिड सब स्टेशन जाकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे। अपनी इस ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान वे जिले को बड़ी सौगात देते हुए लगभग 102 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और 173 करोड़ रुपये की लागत वाली नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री धर्म कांटा के पास बाईपास सड़क का निरीक्षण करने के उपरांत कृषि फार्म स्थल पर आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर स्थानीय जनता से सीधा संवाद करेंगे और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

Share This Article