डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पुलिस-प्रशासन ने शहर में अपराध पर लगाम कसने के लिए अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन क्लीन’ तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोनारी की कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिलचस्प बात यह है कि चटनी डॉन को दो महीने पहले ही जिला प्रशासन ने तड़ीपार किया था, लेकिन वह आदेशों की धज्जियां उड़ाकर चोरी-छिपे सोनारी के ग्वाला बस्ती में रह रही थी।
घरेलू विवाद ने खोली पोल
चटनी डॉन की गिरफ्तारी किसी फिल्मी सीन से कम नहीं रही। वह अपने घर में पवन यादव के साथ रह रही थी। मंगलवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जब सोनारी थाना की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची, तो पुलिस को देख चटनी डॉन ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
अपराधियों पर चौतरफा वार: 21 तड़ीपार, 28 पर CCA
जमशेदपुर पुलिस केवल एक अपराधी तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरी लिस्ट तैयार कर एक्शन लिया जा रहा है।
तड़ीपार: चटनी डॉन समेत कुल 21 दागियों को शहर से बाहर (तड़ीपार) किया गया है।
CCA (Crime Control Act): जेल में बंद 28 शातिर अपराधियों पर CCA लगाया गया है। इनमें विकास सिंह उर्फ हेते, दीपक कुमार ठाकुर और मो. साजिद उर्फ राजा जैसे नाम शामिल हैं।
थाना हाजिरी: 15 ऐसे अपराधी हैं जिन्हें रोजाना थाने में हाजिरी लगाने का सख्त आदेश दिया गया है।
पुलिस की चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अगर कोई भी अपराधी तड़ीपार के आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उस पर चटनी डॉन जैसी ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस चटनी डॉन के पिछले आपराधिक इतिहास और इलाके में उसकी हालिया गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।

