डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: अगर आप अगले कुछ दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में रेल पटरियों की मरम्मत और रखरखाव के लिए ‘रोलिंग ब्लॉक’ लिया जा रहा है। इस कारण 17 मार्च से 22 मार्च के बीच कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ के मार्ग में बदलाव किया गया है। इस फैसले का सीधा असर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के हजारों दैनिक यात्रियों पर पड़ने वाला है।
ये ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह मेमू ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर नहीं चलेंगी।
आद्रा-भागा-आद्रा (68077/68078): 17, 19, 20 और 22 मार्च को रद्द।
आद्रा-मेदिनीपुर-आद्रा (68090/68089): 17, 20 और 22 मार्च को रद्द।
भोजूडीह-चन्द्रपुरा-भोजूडीह (68079/68080): 17, 20 और 22 मार्च को रद्द।
टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस का रूट बदला
टाटानगर से चलने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है। 18 मार्च को टाटा से खुलने वाली ट्रेन नंबर 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस अपने सामान्य मार्ग के बजाय डाइवर्टेड रूट से चलेगी। यह ट्रेन चांडिल-गुंडाबिहार-मुरी होकर हटिया पहुंचेगी।
बीच रास्ते में रुकेंगी ये ट्रेनें (शॉर्ट टर्मिनेशन)
कुछ ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही रोक दिया जाएगा और वहीं से वापस चलाया जाएगा।
टाटानगर-आसनसोल मेमू (68056/68060): 16 मार्च को यह ट्रेन केवल आद्रा स्टेशन तक ही जाएगी। आद्रा से आसनसोल के बीच का सफर इस दिन रद्द रहेगा।

