नीतीश के पुराने साथी ने छोड़ा साथ, जेडीयू से अलग हुए केसी त्यागी, रिन्यू नहीं कराई सदस्यता

Neelam
By Neelam
4 Min Read

जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने इस्तीफा तो नहीं दिया है, लेकिन उन्होंने अपनी पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है। केसी त्यागी ने ये फैसला उस वक्त किया है जब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य सभा सदस्य के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां संभालने के लिए दिल्ली रवाना होने वाले हैं।

केसी त्यागी ने जारी किया एक पत्र

त्यागी ने एक पत्र जारी कर साफ किया कि पार्टी का हालिया सदस्यता अभियान खत्म हो चुका है और उन्होंने इस बार अपनी सदस्यता का नवीनीकरण न करने का फैसला किया है। अपने पत्र में, उन्होंने कहा कि हालांकि वे लंबे समय से पार्टी से जुड़े रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने एक अलग राजनीतिक दिशा में आगे बढ़ने का फैसला किया है।

जेडीयू में निभाई अहम जिम्मेदारियां

राज्यसभा सांसद केसी त्यागी ने प्रेस को जारी की गई विज्ञप्ति में कहा है कि, ”जेडीयू (JDU) का गठन 30 अक्टूबर 2003 को समता पार्टी और जनता दल के विलय से हुआ था। जॉर्ज फर्नांडीस पार्टी के अध्यक्ष थे और मैं महासचिव के रूप में उनके साथ कार्य कर रहा था। मैंने शरद यादव जी और नीतीश कुमार जी के साथ भी उनके अध्यक्ष रहते हुए काम किया। मैं पार्टी का मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार भी रहा हूं।”

सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया

केसी त्यागी ने लिखा है कि, ”अब पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है। इस बार मैंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है। हालांकि, समाज के वंचित वर्गों, किसानों और कृषि से जुड़े लोगों के हितों से जुड़े व्यापक वैचारिक मुद्दों के प्रति मेरी प्रतिबद्धता पहले की तरह अटूट बनी हुई है।

नीतीश कुमार के प्रति सम्मान जताया

पार्टी से अलग होने के बावजूद, केसी त्यागी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपना व्यक्तिगत सम्मान व्यक्त किया। उन्होने कहा, नीतीश जी के प्रति मेरा व्यक्तिगत सम्मान, जो लगभग आधी सदी तक मेरे साथी रहे हैं, भी अपरिवर्तित है।”

दिल्ली में 22 मार्च को होगी एक अहम बैठक

आगे की रणनीति के बारे में भी उन्होंने पत्र में जिक्र किया है। उन्होंने घोषणा की है कि 22 मार्च, 2026 को नई दिल्ली के मावलंकर हॉल में समान विचारधारा वाले लोगों की एक बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक के दौरान देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी, जिसके बाद भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी।

लंबे अरसे से पार्टी में थे उपेक्षित 

बता दें कि त्यागी जेडीयू के वरिष्ठ नेता रहे हैं। लंबे समय से जेडीयू से दूरी बनाए हुए थे। उनके बयानों को पार्टी अहमियत नहीं दे रही थी। केसी त्यागी और शीर्ष नेतृत्व के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। हालांकि अब तक आधिकारिक रूप से उन्होंने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया था। अब केसी त्यागी ने जानकारी दी है कि उनकी जेडीयू की सदस्यता समाप्त हो गई है और उन्होंने अपनी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है।

Share This Article