गंगा दामोदर एक्सप्रेस में चढ़ने से पहले धराए शराब तस्कर, 14 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) धनबाद द्वारा चलाए जा रहे रात्रि गश्त अभियान के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनांक 19-20 मार्च 2026 की रात निरीक्षक प्रभारी धनबाद के निर्देशन में RPF पोस्ट धनबाद एवं CIB/DHN की संयुक्त टीम स्टेशन पर सघन निगरानी कर रही थी।

गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 02 के कालका छोर पर रात करीब 11:10 बजे दो युवक संदिग्ध अवस्था में हरे रंग का ट्रॉली बैग तेजी से ले जाते हुए दिखे। शक होने पर टीम ने उनका पीछा किया। दोनों युवक गाड़ी संख्या 13329 गंगा दामोदर एक्सप्रेस के सामान्य कोच में चढ़कर बैठ गए।

टीम ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की तो दोनों युवक घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें ट्रेन से उतारकर ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान बैग से 14 बोतल Royal Stag Superior Whisky (750 ml) बरामद हुई, जिन पर “For Sale in West Bengal Only” अंकित था। शराब से संबंधित वैध कागजात मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और अपनी गलती स्वीकार कर ली।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल के कुमारडुबी क्षेत्र से शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करते हैं। दोनों आरोपी पटना के कुम्हरार स्थित एक शोरूम में काम करते हैं और अतिरिक्त कमाई के लालच में इस धंधे में शामिल थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

मन्नु कुमार – पीरबहोर, पटना (बिहार) एवं अरनवदीप– सरसा पहाड़ी, चिरकुंडा, धनबाद (झारखंड) निवासी के रूप में हुई।

आरपीएफ ने मौके पर ही गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची बनाकर शराब जब्त की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दे दी गई है।

इस मामले में सहायक उप निरीक्षक शशिकांत तिवारी (CIB धनबाद) द्वारा उत्पाद विभाग को लिखित शिकायत सौंप दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....