धनबाद | रेल सुरक्षा बल (RPF) और CIB की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे संपत्ति की चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 150 किलोग्राम स्क्रैप लोहा बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक के निर्देश में टीम ने धनबाद रेलवे ऑडिटोरियम क्षेत्र में गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। उसकी पहचान उमेश पासवान (निवासी- मनईटांड, थाना धनसार, जिला धनबाद) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास चार बोरों में भरा हुआ लगभग 150 किलो लोहा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कचरा बीनने के बहाने रेलवे परिसर में प्रवेश करता था और वहां पड़े स्क्रैप ब्रिज के लोहे को चोरी कर बोरों में भर लेता था। इसके बाद वह ठेला या साइकिल के माध्यम से इसे फेरीवालों को बेच देता था। मौके पर जांच के दौरान लोहे के ढेर से हालिया चोरी के स्पष्ट निशान भी पाए गए।
मामले की पुष्टि के लिए SSE/BRIDGE धनबाद बसंत कुमार दुबे के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि उक्त लोहा राजाबेरा ब्रिज संख्या 08 से रिलीज किए गए स्क्रैप लॉट का हिस्सा था, जिसमें करीब 150 किलोग्राम लोहे की कमी पाई गई। बरामद लोहा उसी लॉट से चोरी किया गया होना प्रमाणित हुआ।
इसके बाद नियमानुसार लोहे को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में कांड संख्या 06/26, दिनांक 23/03/26 के तहत धारा 3 RP(UP) अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को रेलवे न्यायालय, धनबाद में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। बरामद रेलवे संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 4,500 रुपये आंकी गई है।

