धनबाद स्टेशन पर सक्रिय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़ : 3 गिरफ्तार, 2 फोन बरामद

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद | रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत संयुक्त टीम ने धनबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

सोमवार को वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट धनबाद और CIB की टीम ने प्लेटफार्म संख्या 04-05 के हावड़ा छोर पर सुबह करीब 10 बजे गश्त के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से दो रेल यात्रियों के चोरी किए गए मोबाइल फोन मिले।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार (तारामारी, बोकारो), सैफ अंसारी (आरा मोड़, भुली, धनबाद) और सोहेल अंसारी (बरवाडी, गिरिडीह) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से भीड़भाड़ वाली ट्रेनों और प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और पर्स चोरी करते थे।

बरामद मोबाइल में एक रियलमी (नारजो) कंपनी का आसमानी नीले रंग का फोन और एक रेडमी कंपनी का ब्लू रंग का स्मार्टफोन शामिल है, जो लॉक स्थिति में पाया गया।

इस संबंध में आरपीएफ के उप निरीक्षक पालिक मिंज द्वारा तीनों आरोपियों को जप्त मोबाइल के साथ राजकीय रेल थाना धनबाद में प्रस्तुत किया गया। लिखित शिकायत के आधार पर कांड संख्या 82/26, दिनांक 23/03/26 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोहेल अंसारी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य दो आरोपियों का कोई पूर्व रिकॉर्ड नहीं मिला है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....