नोएडा जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन आज,पीएम मोदी करेंगे शुरुआत, जानें क्या-क्या होगा खास?

Neelam
By Neelam
4 Min Read

आज देश को सबसे बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ‘जेवर एयरपोर्ट’ मिल जाएगा, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने जा रहे हैं। दिल्ली से सटे यूपी के गौतम बुद्ध नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन सुबह 11:30 बजे होगा। इसके साथ ही कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण और विमानों की मरम्मत के लिए बनने वाले एमआरओ (रखरखाव, मरम्मत और संचालन) सेंटर का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे

उद्घाटन से पहले पीएम करेंगे निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले नोएडा एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे। जिसके बाद प्रधानमंत्री हवाई अड्डे का लोकार्पण करेंगे। समारोह में प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सिविल एविएशन मंत्रालय के मंत्री राम मोहन नायडू शामिल होंगे। इसके कुछ देर बाद प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल से कुछ दूरी पर होगी।

पश्चिमी यूपी वालों को बड़ा फायदा

यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे रणनीतिक रूप से स्थित इस प्रोजेक्ट से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्सों में रहने वालों के लिए यात्रा की सुविधा में काफ़ी सुधार होने की उम्मीद है। इस एयरपोर्ट को सड़क नेटवर्क आने वाले मेट्रो लिंक और रेल कॉरिडोर से भी बिना किसी रुकावट के जोड़ने की योजना है, जिससे पूरे क्षेत्र में ‘लास्ट-माइल कनेक्टिविटी’ मजबूत होगी।

कब से शुरू होगी उड़ान

उद्घाटन के बाद 2 महीने के भीतर उड़ान परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। प्रारंभिक सेवाएं घरेलू मार्गों पर केंद्रित होंगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय परिचालन 2026 के अंत में शुरू करने की योजना है। इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइंस प्रारंभिक परिचालन का नेतृत्व करेंगी। परिचालन के पहले 45 दिनों के अंदर लगभग 10 प्रमुख भारतीय शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जा सकती हैं।

एयरपोर्ट में मिलेगी पूरे उत्तर प्रदेश की झलक

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह पैसेंजर्स को सिर्फ एक ट्रांजिट पॉइंट नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक अनुभव भी प्रदान करे। यहां की वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन, आर्ट इंस्टॉलेशन और सजावट में उत्तर प्रदेश और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। साथ ही, क्षेत्रीय थीम पर आधारित डेकोरेशन पैसेंजर्स को लोकल कनेक्ट का एहसास कराएगी। इससे खासतौर पर अंतरराष्ट्रीय पैसेंजर्स को भारत की संस्कृति का पहला अनुभव एयरपोर्ट पर ही मिल जाएगा। यह पहल ‘ग्लोबल स्टैंडर्ड्स के साथ लोकल पहचान को मजबूत करेगा।

सिक्योरिटी के बाद खुला ‘कोर्टयार्ड’

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सबसे अनोखी खासियतों में से एक है सिक्योरिटी चेक के बाद बनाया गया ओपन-एयर कोर्टयार्ड है। आमतौर पर एयरपोर्ट्स में सुरक्षा जांच के बाद पैसेंजर पूरी तरह बंद और एयर-कंडीशंड स्पेस में ही रहते हैं, जिससे लंबे इंतजार के दौरान घुटन या थकान महसूस हो सकती है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इस अनुभव को बदलने जा रहा है। यहां पैसेंजर खुले आसमान के नीचे बैठकर ताजी हवा का आनंद ले सकेंगे, जो खासतौर पर लंबी या अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से पहले मानसिक और शारीरिक रूप से राहत देगा। यह कोर्टयार्ड सिर्फ बैठने की जगह नहीं होगा, बल्कि इसे शांत, हरियाली से भरपूर और आकर्षक तरीके से डिजाइन किया जाएगा, ताकि पैसेंजर्स को एक छोटा-सा ब्रेक मिल सके।

Share This Article