होमगार्ड बहाली में लापरवाही पर बड़ा एक्शन: उपायुक्त ने कर्मी को किया कार्य मुक्त, वेतन रोका

KK Sagar
2 Min Read

🔹 औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही

धनबाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार सुबह होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को सुबह 5 बजे तक अपने निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य था, लेकिन इसके बावजूद कई कर्मी अनुपस्थित मिले।

🔹 8 बजे तक नहीं पहुंचे कई कर्मचारी

निरीक्षण में एक कंप्यूटर ऑपरेटर, छह पदाधिकारी और दो चौकीदार सुबह 8 बजे तक भी अपने निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे थे। इस लापरवाही को उपायुक्त ने बेहद गंभीरता से लिया और इसे कर्तव्य में शिथिलता माना।

🔹 तत्काल कार्रवाई, वेतन स्थगित

उपायुक्त ने कंप्यूटर ऑपरेटर को तत्काल प्रभाव से कार्य से मुक्त कर दिया। साथ ही अनुपस्थित सभी पदाधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करते हुए निलंबन एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।

🔹 मेडिकल टीम पर भी गिरी गाज

निरीक्षण के दौरान मेडिकल टीम की उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर भी उपायुक्त ने असंतोष जताया। उन्होंने सिविल सर्जन को मेडिकल टीम से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया और आज ड्यूटी पर तैनात सभी मेडिकल कर्मियों का वेतन स्थगित करने को कहा।

🔹 निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं

उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट कहा कि होमगार्ड बहाली प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और समयबद्ध संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....