खौफ में खाऊ गली: कभी चाय फेंकना तो कभी हथियार लहराना, बिष्टुपुर के पॉश इलाके में ये क्या हो रहा?

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: शहर का मशहूर फूड हब ‘बिष्टुपुर खाऊ गली’ अब स्वाद के बजाय दहशत का केंद्र बनता जा रहा है। मंगलवार देर रात यहां हथियारबंद युवकों ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, लेकिन उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे।

हथियारों के साथ ‘अड्डेबाजी’ और दबंगई
​मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात कुछ युवक चापड़ (धारदार हथियार) लहराते हुए हंगामा कर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि खाऊ गली में शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। यहां दबंगई और बेवजह विवाद अब रोज की बात हो गई है।

लगातार दूसरे दिन बड़ी वारदात
​हैरानी की बात यह है कि यह क्षेत्र पिछले 48 घंटों से लगातार सुर्खियों में है।
​सोमवार की घटना: चाय देने में मामूली देरी होने पर कुछ युवकों ने एक महिला दुकानदार पर खौलती हुई चाय फेंक दी थी।
​मंगलवार की घटना: चापड़ के साथ युवकों ने सार्वजनिक रूप से आतंक मचाया।

नए ‘अड्डों’ पर भी मंडराता खतरा
​सिर्फ खाऊ गली ही नहीं, बल्कि बिष्टुपुर के टीएफए मैदान स्थित सरकारी उच्च विद्यालय के पास भी इसी तर्ज पर दुकानें सजने लगी हैं। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की है कि यहां भी देर रात तक असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जो आने वाले समय में किसी बड़ी अनहोनी का संकेत दे रही हैं।

खाऊ गली में हुई ताजा गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिष्टुपुर थाना की पुलिस फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बोलने से बच रही है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने बिष्टुपुर जैसे व्यस्त इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदारों और ग्राहकों के बीच अब डर का माहौल है, जिससे व्यापार पर भी बुरा असर पड़ने की आशंका है।

Share This Article