कटवा से मोदी का हुंकार: “भ्रष्टाचार खत्म, विकास का नया दौर शुरू होगा”

KK Sagar
3 Min Read

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रचार अभियान तेज करते हुए नरेंद्र मोदी ने पूर्व बर्द्धमान के कटवा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। भारी भीड़ के बीच उन्होंने विकास, रोजगार और सुशासन को लेकर कई बड़े वादे किए और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में बड़े पैमाने पर उद्योग लगाए जाएंगे, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि टीएमसी शासन में भ्रष्टाचार के कारण सरकारी नौकरियों से वंचित या ओवरएज हो चुके युवाओं को विशेष आयु छूट दी जाएगी और सभी खाली पदों को तेजी से भरा जाएगा।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने ₹3,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और वे बिना भय के कहीं भी आ-जा सकेंगी।

किसानों को लेकर प्रधानमंत्री ने “डबल इंजन सरकार” का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें डबल लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत ₹6,000 के साथ राज्य सरकार की ओर से ₹3,000 अतिरिक्त देने की बात कही गई। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार की नीतियों के कारण आलू किसान नुकसान झेल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर “पैनिक मोड” में होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के बढ़ते जनसमर्थन से घबराकर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा किसी भी जनकल्याणकारी योजना को बंद नहीं करेगी, बल्कि भ्रष्टाचार और लूट को समाप्त करेगी।

कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए मोदी ने कहा कि सत्ता में आने पर भाजपा सरकार ‘श्वेत पत्र’ जारी कर भ्रष्टाचार की जांच करेगी। साथ ही, राजनीतिक हिंसा के मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में विशेष जांच आयोग बनाया जाएगा।

सभा के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा, “यह चुनाव भय से मुक्ति और भरोसे की स्थापना का चुनाव है।” उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल की जनता परिवर्तन के लिए तैयार है और यह जनसैलाब उसी का संकेत है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....