धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान: 736 यात्री पकड़े गए, ₹3.82 लाख जुर्माना वसूला

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में टिकट रहित यात्रा और नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए शनिवार, 18 अप्रैल 2026 को बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सुनियोजित तरीके से दिन-रात जारी रहा, जिसमें स्टेशनों के साथ-साथ विभिन्न मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन जांच की गई।

इस व्यापक जांच अभियान के दौरान कुल 736 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ सफर कर रहे यात्री शामिल थे। पकड़े गए यात्रियों से ₹3,82,280 की राशि जुर्माने के रूप में वसूली गई।

रेलवे अधिकारियों ने सभी यात्रियों को कड़ी हिदायत दी कि वे आगे से उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें और नियमों का पालन करें। अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ भी देखने को मिली, जिससे स्पष्ट है कि जांच के चलते लोग टिकट लेने के प्रति जागरूक हुए।

धनबाद मंडल ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के टिकट चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने से पहले वैध टिकट जरूर लें और जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या जुर्माने से बचा जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....