डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली यात्री ट्रेनों की पिछले तीन वर्षो से जारी अनियमितता और लगातार हो रही देरी ने अब एक बड़े जन-आंदोलन का रूप ले लिया है। ट्रेनों की लेट-लतीफी से परेशान यात्रियों की समस्याओं को लेकर ‘रेल यात्री संघर्ष समिति’ ने सोमवार को बिष्टुपुर स्थित विधायक सरयू राय के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में रेलवे के प्रति कड़ा रोष जताते हुए आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज करने का निर्णय लिया गया है।
26 अप्रैल को महा-हस्ताक्षर अभियान
समिति ने घोषणा की है कि आगामी 26 अप्रैल को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए संघर्ष समिति के 50 अलग-अलग समूह बनाए जाएंगे। ये समूह स्टेशन पर उतरने और चढ़ने वाले यात्रियों से सीधा संपर्क करेंगे। एकत्रित हस्ताक्षरों को झारखंड के राज्यपाल और भारत सरकार तक भेजा जाएगा ताकि यात्रियों की आवाज को मजबूती से दिल्ली तक पहुंचाया जा सके। इस अभियान की तैयारी के लिए 23 अप्रैल को एक और बड़ी बैठक बुलाई गई है, जिसमें विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों को जोड़ा जाएगा।
विधायक सरयू राय ने रेलवे प्रबंधन को घेरा
बैठक को संबोधित करते हुए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों से स्पष्ट है कि आम यात्री गंभीर रूप से परेशान हैं। रेलवे यात्रियों को समय पर पहुंचाने के अपने वादे से मुकर रहा है, जो एक तरह की वादाखिलाफी है। विधायक राय ने आरोप लगाया कि रेल अधिकारी यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि अगर रेल मंत्रालय या रेलवे बोर्ड की ओर से मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने का कोई लिखित आदेश या सर्कुलर है, तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने यात्रियों को हो रहे समय और आर्थिक नुकसान के आकलन की भी मांग की।
‘चक्रधरपुर मंडल की हठधर्मिता के खिलाफ संघर्ष’
समिति के सदस्यों ने कहा कि टाटानगर स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन के बावजूद रेलवे प्रशासन और चक्रधरपुर मंडल की नींद नहीं खुली है। रेलवे के उदासीन रवैये और ‘हठधर्मिता’ के खिलाफ अब जनता को साथ लेकर निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। जब तक स्थिति में ठोस सुधार नहीं होता, यह आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित रहे
इस रणनीतिक बैठक में विधायक सरयू राय के साथ समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह, आजसू के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, जदयू के महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, सुधीर सिंह, सुबोध श्रीवास्तव और कई अन्य गणमान्य नागरिक व राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

