पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान जारी है। पहले चरण की वोटिंग के दौरान मुर्शिदाबाद के नौदा इलाके में आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) और तृणमूल कांग्रेस पार्टी (TMC) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष और हुमायूं कबीर की बीच झड़प
मुर्शिदाबाद जिले में वोटिंग के दौरान तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए हुमायूं कबीर और टीएमसी कार्यकर्ता भिड़ गए। नौदा में टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष और हुमायूं कबीर की बीच झड़प हो गई। टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष और हुमायूं कबीर के बीच तीखी नोकझोक हुई।
टीएमसी ने हुमायूं कबीर को बताया बीजेपी का एजेंट
हुमायूं कबीर ने टीएमसी पर आरोप लगाया है कि ये लोग माहौल बिगाड़ रहे हैं, जिसके बाद टीएमसी समर्थकों ने जमकर नारेबाजी हुई, विरोध प्रदर्शन हुआ, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की सूझबूझ से हाथापाई बच गई। टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर को बीजेपी का एजेंट बता दिया है।
अज्ञात लोगों ने क्रूड बम फेंके
वहीं, जिले के नौदा इलाके में बम फेंके जाने का मामला भी सामने आया है। अज्ञात लोगों ने क्रूड बम फेंके हैं, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घायल लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और मामले की जांच जारी है
एक्शन में चुनाव आयोग
चुनाव आयोग ने नौदा में हुई घटना को लेकर जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और जिला चुनाव अधिकारी (DEO) से रिपोर्ट मांगी है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा है कि पूरे मामले की जांच रिपोर्ट जल्द भेजी जाए, ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

