बिहार में अपराधियों पर गरजेगा बुलडोजर, मोतिहारी के 102 फरार अपराधियों की लिस्ट तैयार

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने आक्रामक रूख अख्तियार कर लिया है। मोतिहारी में पुलिस लंबे समय से फरार आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला पुलिस फरार अपराधियों के घरों को ध्वस्त करने की भी योजना बना रही है। इसके लिए 102 अपराधियों की पहचान कर कुर्की जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

24 घंटे में 102 फरार आरोपियों के घर कुर्की जब्ती

दरअसल, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) पुलिस ने महाकुर्की अभियान के तहत पिछले 24 घंटे में 102 फरार आरोपियों के घर तक पहुंचकर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद फरार अपराधियों में दहशत है।

Advertisement

28 फरार आरोपियों का आत्मसमर्पण

मोतिहारी पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दे दिया है कि या तो अपराधी कानून के सामने आत्मसमर्पण करें, वरना उनका आशीयाना जाना तय है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में चले इस अभियान के दौरान 28 फरार आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि 14 को गिरफ्तार किया गया है। 

सरेंडर नहीं किया तो होगा एक्शन

मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने आईएएनएस को बताया कि फरार अपराधी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। वे अपने आप को कानून के हवाले कर दें। उन्होंने बताया कि जिन अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है, उनमें हत्या, रंगदारी, शराब तस्करी, जमीन पर अवैध कब्जा, हथियारों की तस्करी और पोक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं।

40 थानों की पुलिस ने टीम बनाकर की कार्रवाई

बताया जा रहा है कि कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस फरार अपराधियों के घरों पर पहुंची थी। जानकारी के मुताबिक, कई अपराधियों के घरों के दरवाजे और खिड़कियां भी पुलिस ने उखाड़ दी हैं। करीब 40 थानों में अलग-अलग टीम बनाकर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई।

Share This Article