NEET 2026: जमशेदपुर में परीक्षा की तैयारियां तेज, प्रशासन ने कसी कमर, चप्पे-चप्पे पर होगी नजर

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में जिला उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में 03 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनसंपर्क, विद्युत विभाग के पदाधिकारियों के साथ-साथ परीक्षा केन्द्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में परीक्षा से जुड़ी तैयारियों व व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि जिला अंतर्गत 6 शिक्षण संस्थानों में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4231 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। परीक्षार्थियों को 11 बजे से 01:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी, इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा का आयोजन लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज, करनडीह, को-ऑपरेटिव कॉलेज, वीमेन्स यूनिवर्सिटी जमशेदपुर, द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेन्स, राजकीय आदिवासी हाई स्कूल सीतारामडेरा, एलबीएसएम कॉलेज गोलमुरी में किया जाएगा।

उपायुक्त ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ क्राउड मैनेजमेंट, शहर में सुगम यातायात व्यवस्था व पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों व परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम यातायात के लिए मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी फ्रिस्किंग की जाएगी और परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि एनटीए के गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा संचालन में पारदर्शिता व निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इनविजिलेटर के रूप में केवल सरकारी कर्मियों की ही प्रतिनियुक्ति की जाए। साथ ही, परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज कर सील कर दिया जाएगा। विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय व अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, डीटीओ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीआईओ, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी ट्रैफिक, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, कॉलेज प्रबंधन के प्रतिनिधि समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article