पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के राजा पुल के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान मानपुर निवासी शिव शंकर चौहान के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री थे। वारदात उस समय हुई जब पूरा परिवार घर में होने वाली एक शादी की तैयारियों में जुटा था।
शादी की खुशियां मातम में बदली
परिजनों ने बताया कि घर में शादी का माहौल था। गुरुवार रात को ही मेहंदी और हल्दी की रस्में पूरी हुई थीं. रात 2 बजे तक पूरा परिवार हंसी-खुशी साथ था। सुबह करीब 4 बजे शिव शंकर यह कहकर घर से निकले कि वह चाय पीकर आते हैं, लेकिन फिर वापस नहीं लोटे। सुबह लगभग 6 बजे परिजनों को सड़क किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली।
CCTV में कैद हुई दरिंदगी
यह पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे एक CCTV फुटेज में कैद हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि 5 बदमाश और एक महिला मिलकर शिव शंकर को गली में दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीट रहे हैं। बताया जा रहा है कि पास के ही एक मोहल्ले में हल्दी की रस्म चल रही थी, उसी दौरान यह विवाद शुरू हुआ। हालांकि, हत्या की सटीक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
FSL टीम ने जुटाए सबूत
पुलिस प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है। FSL टीम की मदद से, पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी वैज्ञानिक सबूत जुटा लिए हैं। CCTV फुटेज के आधार पर, सभी छह हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इन सभी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच अभी जारी है।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा साया
शिव शंकर राजमिस्त्री का काम करते थे और पहले ऑटो चलाते थे। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे, 5 साल का एक बेटा और 9 साल की बेटी हैं। पिता की मौत के बाद बच्चे और उसकी पत्नी गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

