डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : किसी भी संस्थान की नींव उसकी मेहनत पर टिकी होती है जो पर्दे के पीछे रहकर काम करते हैं। इसी भावना को आत्मसात करते हुए शुक्रवार 1 मई को डोरकासाई स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में मजदूर दिवस बेहद उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया।
सम्मान का केंद्र बने सहायक कर्मचारी
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन हाथों को धन्यवाद देना था जो स्कूल के परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रखते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के सभी सहायक कर्मचारियों सफाई कर्मचारी, माली, बस चालक, रसोई कर्मचारी इन सभी को उनके अथक परिश्रम और समर्पण के लिए विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि इन कर्मचारियों के बिना विद्यालय का सुचारू संचालन संभव नहीं है।
सुरक्षा गार्ड के भाषण ने जीता दिल
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जहां मई दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला गया। आयोजन का सबसे प्रेरणादायक क्षण वह था जब स्कूल के सुरक्षा गार्ड ने मंच संभाला। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को जीवन का एक बड़ा मंत्र दिया कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, हर काम का अपना महत्व है। मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी है।
प्राचार्य का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के निर्माण में हर कार्यकर्ता की भूमिका अहम होती है। हमें न केवल आज, बल्कि हर दिन इन कर्मयोगियों का सम्मान करना चाहिए। इस आयोजन में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

