टाटा स्टील के JE के घर दिनदहाड़े बड़ी चोरी, 5 लाख के गहने और नकदी पार, इलाके में दहशत

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर के सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में भी अब चोरों का हौसला बुलंद है। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां टाटा स्टील के एक जूनियर इंजीनियर के बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?
​टाटा स्टील के HSM विभाग में कार्यरत जूनियर इंजीनियर राकेश कुमार झा अपने परिवार के साथ बीते 20 अप्रैल को पैतृक गांव गए हुए थे। उन्होंने अपने क्वार्टर की देखरेख की जिम्मेदारी एक परिचित को सौंपी थी। सुबह करीब 8 बजे जब वह परिचित क्वार्टर बंद कर ड्यूटी पर गए, इसी बीच चोरों ने सूने घर का फायदा उठाया।

चोरी की वारदात का घटनाक्रम
​सुबह करीब 8 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच चोरों ने घर के पिछले रास्ते से प्रवेश किया और अलमारी का लॉक तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। करीब 5 लाख रुपये के गहने और 10 हजार रुपये नकद चोरी किए गए है। जब राकेश कुमार झा दोपहर 1:30 बजे अपने परिवार के साथ घर लौटे तो बिखरा हुआ सामान और टूटी अलमारी देखकर उनके होश उड़ गए।

लोगों में बढ़ता आक्रोश
​इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। करीब दो महीने पहले भी पड़ोस के एक क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरों ने 12 लाख रुपये के गहने और नकदी की चोरी की थी। दिनदहाड़े हो रही इन वारदातों से लोग अब अपने ही घरों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस कर रही है जांच
​घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। हालांकि बार-बार हो रही इन चोरियों ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।

Share This Article