बिहार के जोगबनी बॉर्डर पर पकड़ा गया चीनी नागरिक, बिना वैध दस्तावेज घुसपैठ करते धराया

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के अररिया जिले से सटे भारत-नेपाल बॉर्डर पर तैनात एसएसबी के जवानों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। जोगबनी स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर तैनात एसएसबी (एसएसबी) की 56वीं वाहिनी के जवानों ने एक चीनी नागरिक को दबोचा है। चीनी नागरिक को बिना किसी वैध कागजात के भारतीय सीमा में प्रवेश करने पर उसे हिरासत में ले लिया गया।

बिना आवश्यक कागजात के पकड़ा गया

बताया जा रहा है कि नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। संदिग्ध स्कूटी से विराटनगर से जोगबनी के रास्ते भारतीय सीमा क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के दौरान उसकी पहचान चीनी नागरिक के रूप में हुई। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम झोउ हुआन है। इमिग्रेशन अधिकारियों के साथ की गई संयुक्त पूछताछ में यह स्पष्ट हो गया कि उसके पास भारत में प्रवेश के लिए आवश्यक वीजा मौजूद नहीं था।

चीन के हूनान का रहने वाला व्यक्ति

बॉर्डर पर पकड़ा गया शख्स चीन के हूनान का रहने वाला है। 41 वर्षीय चीनी नागरिक झोउ ह्यून से एसएसबी के साथ खुफिया विभाग के अधिकारी और पुलिस पूछताछ कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार हिरासत में लिया गया चीन के नागरिक झोउ ह्यून के पिछले दो साल से सीमा पार नेपाल के विराटनगर में रहने की जानकारी मिली है। चीन की कई गतिविधियों को अपने साथियों के साथ नेपाल में संचालित करने की बात बताई जा रही है। नेपाल के विराटनगर, झुमका, धरान आदि शहरों में इनकी गतिविधि पाई गई थी।

जांच में जुटी पुलिस

एसएसबी ने आवश्यक दस्तावेजीकरण और प्रारंभिक पूछताछ के बाद पकड़े गए चीनी नागरिक को अररिया पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब इस मामले में विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है। साथ ही खुफिया एजेंसियां भी इस बात की जांच में जुट गई हैं कि कहीं यह मामला जासूसी या किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़ा है।

Share This Article