पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद से जगह-जगह पर लगातार हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पश्चिम बंगाल की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट शेयर करते हुए रोहिणी ने बीजेपी पर बंगाल को अराजकता की आग में झोंकने का आरोप लगाया।
उपद्रवियों-बवालियों- गुंडों का तांडव-रोहिणी
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। रोहिणी आचार्य ने पोस्ट कर कहा, ‘धांधली से हासिल जीत के पश्चात पूरे प्रदेश में भाजपाई उपद्रवियों-बवालियों- गुंडों का तांडव जारी है। हजारों की संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों की मौजूदगी के बावजूद दहशत कायम करने के मकसद से उपद्रवियों-दंगाइयों को तोड़-फोड़, आगजनी, मारपीट और लूटपाट करने की खुली छूट दे दी गई है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि, ‘बंगाल के बाहर से हजारों उपद्रवी लाए गए हैं, जो सीधे भाजपा नेताओं के निर्देश पर उत्पात मचा रहे हैं।’
भाजपा बंगाल को अराजकता की आग में झोंकने पर आमादा-रोहिणी
रोहिणी ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘जनमत लूटने के बाद बंगाल को अराजकता की आग में झोंकने पर आमादा है भाजपा। जैसे हालात हैं अभी बंगाल में हैं उसे देख कर तो यही प्रतीत होता है कि बंगाल को मणिपुर बनाने जा रही है बीजेपी!’
टीएमसी के दफ्तरों में तोड़फोड़ और आगजनी का आरोप
रोहिणी ने कहा कि, राजधानी कोलकाता में भी अराजक स्थिति कायम होती दिखती है। स्थानीय पुलिस – प्रशासन को हाथ पर हाथ धरे बैठते हुए मूक-दर्शक बने रहने के लिए कहा गया है। तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों को जलाया और तोड़ा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि, दक्षिण २४ परगना में तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर पथराव करवाया गया है, पूर्व मंत्री अरूप विश्वास के दफ्तर में घुस कर भाजपाई गुंडों ने तोड़-फोड़ की है।
टीएमसी सर्मथकों-कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का आरोप
रोहिणी ने आरोप लगाया कि राजधानी कोलकाता समेत पूरे राज्य में तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों को निशाना बनाया जा रहा है। कोलकाता के टॉलीगंज , कस्बा , पानीहाटी , हावड़ा , सिलीगुड़ी और बलरामपुर में तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों में आगजनी और तोड़-फोड़ की गई है। कोलकाता के ही न्यू मार्केट इलाके में तृणमूल के दफ्तर पर बुलडोजर चला दिया गया है। पूरे प्रदेश में जहां कहीं भी ममता बनर्जी जी की तस्वीरें लगी हैं, उन्हें उपद्रवी तोड़ व जला रहे हैं। चिन्हित कर टीएमसी सर्मथकों, कार्यकर्ताओं को मारा-पीटा और धमकाया जा रहा है।
मुस्लिम इलाकों में दंगा भड़काने का आरोप
रोहिणी ने आगे लिखा कि, मुस्लिम बहुल इलाकों में भारी संख्या में उपद्रवी भड़काऊ धार्मिक नारा लगाते हुए गाली-गलौज करते देखे जा रहे हैं। मुस्लिम बहुल इलाकों में मुसलमानों को उकसा कर दंगा भड़काने की कोशिश की जा रही है। मुस्लिम बहुल इलाकों में पुलिस बल की तैनाती, गश्ती व् सख्ती तो दूर की बात कहीं पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी की मौजूदगी तक नजर नहीं आ रही है। वीरभूम जिले में तृणमूल नेता अबीर शेख की गला रेत कर हत्या कर दी गई। भाजपाई उपद्रवियों की टोली खुलेआम सडकों पर ममता बनर्जी जी – अभिषेक बनर्जी – सायोनी घोष व् तृणमूल के अन्य बड़े नेताओं को गाली देते दिख रहे हैं। तृणमूल के कई बड़े नेताओं के घरों के बाहर भाजपा के गुंडे नेताओं को घर से बाहर आने की चुनौती देते देखे गए हैं।
बीजेपी पर उपद्रव प्रायोजित करने का आरोप
रोहिणी ने अपने ट्वीट के अंत में दावा किया कि रोजमर्रा की जरूरत की अतिआवश्यक सामग्रियों की सप्लाई व वितरण का काम उपद्रवियों के कारण बाधित हो रहा है। वर्तमान हालात से डर के और हिंसा के कारण हालात बिगड़ने की आशंका में बिहार और यूपी के श्रमिकों का बंगाल से पलायन जारी हो गया है।’ उन्होंने कहा कि लब्बोलुआब यही है कि बंगाल को अराजकता की आग में धकेला जा रहा है और अपनी सांझी संस्कृति व सहिष्णुता के लिए जाना जाने वाला बंगाल बीजेपी प्रायोजित उपद्रव की वजह से कराह रहा है।

