बिहार में सारण जिले में शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार सुबह लगभग चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है।
शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि एक शादी समारोह में कार्यक्रम के बाद आर्केस्ट्रा टीम डीजे लदी पिकअप पर सवार होकर लौट रही थी। डॉक्टर पी.एन. सिंह डिग्री कॉलेज के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के वक्त पिकअप पर सवार कलाकार सड़क पर जा गिरे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। जिससे तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिकअप वाहन खाई में गिरा
दुर्घटना इतनी भयावह थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क किनारे खाई में जा गिरा। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, भगवान बाजार थाना और रिवीलगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत छपरा सदर अस्पताल भेजा गया।
लगातार हादसों से उठ रहे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इसी जगह 6 मई को भी आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने हाईवे पर बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

