गोरखपुर के सांसद सह फिल्म अभिनेता रवि किशन ने पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान बीजेपी सांसद ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यकाल को स्वर्णिम होने की कामना की।
सम्राट चौधरी को बताया बेहतरीन मुख्यमंत्री
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि बिहार को एक बेहतरीन मुख्यमंत्री मिला है, जो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विजन को आगे बढाते हुए विकास की नई गाथा लिखने को समर्पित हैं।
रोजगार और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने पर चर्चा
रवि किशन ने कहा कि मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के साथ बिहार में फिल्म सिटी की स्थापना, भोजपुरी सिनेमा का विकास, कलाकारों को प्रोत्साहन और राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए बेहतर माहौल तैयार करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इस विषय को बेहद गंभीरता से लिया और बिहार में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के प्रति गहरी रुचि दिखाई।
फिल्म सिटी के निर्माण से रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे
गोरखपुर सांसद ने यह भी कहा कि फिल्म सिटी के निर्माण से बिहार में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय कलाकारों, संगीतकारों तथा तकनीशियनों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। रवि किशन ने बताया कि बिहार सरकार हिंदी और भोजपुरी फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी योजना पर भी काम कर रही है, जिससे बाहरी फिल्म निर्माता भी बिहार की ओर आकर्षित होंगे।

