सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे सम्राट चौधरी, पीएम मोदी समेत 20 राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी न्योता

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक दल के नेता चुने गए सुवेंदु अधिकारी आज कोलकाता में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। वह बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री होंगे। इस शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहेंगे। शुक्रवार को नेता विधायक दल का चुनाव होने के बाद खुद गृह मंत्री अमित शाह ने इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी खुद बंगाल में भाजपा की सरकार बनवाने के लिए आ रहे हैं।

पीएम मोदी समेत एनडीए के कई बड़े नेता होंगे शामिल

इस शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, बीजेपी और गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेता शामिल रहेंगे।

सम्राट चौधरी समेत कई राज्यों के सीएम कोलकाता पहुंचे

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच गए है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के के शपथ ग्रहण समारोह की गवाह बनने के लिए कोलकाता पहुंच चुकीं हैं। इसके अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बंगाल पहुंच गए हैं।

बंगाल की राजनीति में इतिहास : नितिन नवीन

इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इसे ‘भरोसे का नया सवेरा’ बताया। उन्होंने लिखा कि पश्चिम बंगाल में उगते सूरज की पहली किरण अब नई उम्मीद और नए भरोसे का संदेश लेकर आई है। भाजपा अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा कि अब पश्चिम बंगाल के लोगों को विकास पर भरोसा होगा, सुरक्षा पर भरोसा होगा, महिलाओं के सम्मान पर भरोसा होगा, युवाओं को रोजगार मिलने का भरोसा होगा और राज्य में सुशासन स्थापित होने का विश्वास होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और इसी विश्वास के दम पर पश्चिम बंगाल में नई सरकार शपथ लेने जा रही है। नितिन नवीन ने अपने एक्स पोस्ट के अंत में ‘वंदे मातरम्’ लिखा।

झालमुड़ी और रसगुल्ला का स्टॉल लगा

इधर,शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। समारोह स्थल पर वॉटरप्रूफ टेंट लगे हैं, इसके अलावा मैदान में झालमुड़ी और रसगुल्ला का स्टॉल भी लगाया गया है। पंडाल को बंगाल की थीम में सजाया गया है। कार्यक्रम में एक लाख लोग आने की संभावना है। सुरक्षा में 4 हजार जवान तैनात किए जाएंगे।वहीं, अति विशिष्ठ मेहमानों के खाने के लिए भी प्रबंध किया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए लंच में आलू दम, काली दाल, पुलाव, मिक्स वेज, मसाला कुल्चा, अचार और सलाद की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बंगाली डिश बैंगन भाजा साग और आलू पोश्तो भी परोसा जाएगा। मिठाई में गुलाब-जामुन दिया जाएगा

Share This Article