लातेहार: रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची-नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस का लातेहार स्टेशन पर ठहराव शुरू कर दिया गया है। शनिवार को सांसद Kali Charan Singh ने लातेहार स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर गाड़ी संख्या 12453 रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव एवं परिचालन का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथि, रेलवे के मंडलीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव शुरू होने से लातेहार और आसपास के यात्रियों को राजधानी दिल्ली तक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
हर रविवार लातेहार पहुंचेगी राजधानी एक्सप्रेस
रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 12453 रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को रांची से शाम 5:15 बजे रवाना होगी और रात 7:28 बजे लातेहार स्टेशन पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 7:30 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी तथा सोमवार को सुबह 11:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 12454 नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को नई दिल्ली से शाम 4:10 बजे रवाना होगी और रविवार सुबह 6:37 बजे लातेहार पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 6:39 बजे रांची के लिए रवाना होगी तथा सुबह 9:45 बजे रांची पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस नई सुविधा से क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन सेवा का लाभ सीधे लातेहार से मिल सकेगा, जिससे यात्रा और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनेगी।

