देश में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। शेयर बाजार में गिरावट और रुपये के कमजोर होने के बीच निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर गोल्ड और सिल्वर की ओर रुख कर रहे हैं। इसी बीच केंद्र सरकार ने सोना-चांदी के आयात पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाकर बड़ा फैसला लिया है, जिसका असर बाजार में साफ दिखाई देने लगा है।
6% से बढ़कर 15% हुई इंपोर्ट ड्यूटी
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने सोने और चांदी के आयात पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लागू किया है। इसके बाद दोनों की कुल इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़कर 15% हो गई है।
सरकार का उद्देश्य सोना-चांदी के आयात को नियंत्रित करना और विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव को कम करना बताया जा रहा है। सरकार ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से तय कोटे के तहत आने वाले सोने पर मिलने वाली रियायती ड्यूटी में भी बढ़ोतरी कर दी है।
ज्वेलरी पार्ट्स पर भी बढ़ी ड्यूटी
राजस्व विभाग द्वारा जारी नए नोटिफिकेशन में ज्वेलरी बनाने में इस्तेमाल होने वाले पुर्जों जैसे हुक, क्लैस्प, क्लैंप, पिन और स्क्रू बैक पर भी ड्यूटी बढ़ा दी गई है।
अब सोने और चांदी के इन पुर्जों पर 5% कस्टम ड्यूटी लगेगी, जबकि प्लैटिनम के पुर्जों पर 5.4% ड्यूटी देनी होगी।
इसके अलावा कीमती धातुओं वाले इस्तेमाल किए गए कैटेलिस्ट और राख के आयात पर भी नियम बदले गए हैं। रिकवरी और रीसाइक्लिंग के लिए आयात होने वाले ऐसे सामान पर अब 4.35% रियायती कस्टम ड्यूटी लागू होगी, लेकिन इसके लिए तय शर्तों का पालन करना जरूरी होगा।
एमसीएक्स और रिटेल बाजार में तेजी
एमसीएक्स पर 5 जून 2026 एक्सपायरी वाला गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 299 रुपये बढ़कर 1,53,953 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। वहीं 3 जुलाई एक्सपायरी वाली चांदी 3,514 रुपये की तेजी के साथ 2,81,825 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी।
दिल्ली, मुंबई और लखनऊ समेत कई शहरों में सोना-चांदी के रेट में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुंबई में सोना 1,54,420 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,82,240 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। वहीं लखनऊ में सोना 1,54,410 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया है।

