पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने की अपील की। प्रदानमंत्री ने खुद इस ओर एक बड़ी पहल करते हुए अपने काफिले में वाहनों की संख्या 50 प्रतिशत तक कम कर दिया है। पीएम मोदी की ओर से पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों का उपयोग कम करने की अपील का असर अब बिहार सरकार के मंत्रियों के काफिलों पर भी दिखने लगा है।
सादगी और बचत करते दिखे बिहार के नेता और मंत्री
पीएम मोदी की अपील का असर अब बिहार के नेताओं और मंत्रियों के कामकाज में भी दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसाधनों के सीमित उपयोग के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए, बिहार सरकार अब सादगी और बचत के मॉडल पर काम कर रही है। बिहार में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान कई मंत्री छोटे काफिले के साथ पहुंचे। पहले जहां मंत्रियों के साथ कई गाड़ियों का लंबा काफिला चलता था, वहीं अब मंत्री सिर्फ एक गाड़ी में सफर करते नजर आ रहे हैं।
सम्राट चौधरी ने इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल शुरू किया
प्रधानमंत्री की अपील के बाद कई नेताओं ने ईंधन बचाने और ऊर्जा बचत प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों और काफिले का आकार घटाने जैसे विकल्पों को चुना। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
छोटे काफिले के साथ सचिवालय पहुंचे अधिकांश मंत्री
बिहार के कई मंत्रियों और सत्ताधारी गठबंधन के नेताओं ने भी ईंधन बचाने की इस पहल का समर्थन किया है। बुधवार को सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में शामिल होने पहुंचे कई मंत्रियों ने अपने वाहनों की संख्या में कटौती की। खासकर जनता दल यूनाइटेड कोटे के अधिकांश मंत्रियों ने सादगी का संदेश देते हुए छोटे काफिले के साथ सचिवालय पहुंचना बेहतर समझा। कई मंत्री तो एक ही गाड़ी में साथ पहुंचे।
एक गाड़ी में पहुंचे तीन मंत्री
मंत्री अशोक चौधरी, जमा खान और मदन सहनी एक ही वाहन में पहुंचे। वहीं मंत्री दामोदर रावत अकेले एक गाड़ी से सचिवालय पहुंचे। मंत्री लेशी सिंह, श्रेयसी सिंह, श्रवण कुमार, बुलो मंडल ने भी अपने काफिले के वाहनों की संख्या कम कर दी है। यह चारों एक एक गाड़ी से सचिवालय पहुंचे। मंत्री सुनील कुमार एक गाड़ी से पहुंचे। मंत्री शीला कुमारी एक गाड़ी, संजय टाइगर एक गाड़ी और रत्नेश सदा एक वाहन के साथ सचिवालय पहुंचे।
बिजेंद्र प्रसाद यादव दो गाड़ियों से सचिवालय पहुंचे
मंत्री दिलीप जायसवाल सबसे पांच गाड़ियों का काफिला लेकर पहुंचे। जबकि मंत्री लखेन्द्र पासवान, निशांत कुमार और संतोष कुमार सुमन एक नहीं बल्कि चार-चार गाड़ियां का काफिला लेकर सचिवायल पहुंचे। वहीं उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव दो गाड़ियों से सचिवालय पहुंचे।

