बिहार के नवादा जिले में बालू माफियाओं ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाया है। बालू माफियाओं ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। अवैध बालू खनन की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर खनन माफियाओं ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस घटना में नारदीगंज थाना के एएसआई नागेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
बालू लदा ट्रैक्टर एएसआई पर चढ़ाया
घटना नारदीगंज थाना क्षेत्र के मधुबन गांव के पास की है। गुप्त सूचना के आधार पर नवादा पुलिस गांव के समीप अवैध बालू खनन और लोडिंग की जांच करने पहुंची थी। इसी दौरान एएसआई नागेंद्र कुमार ने जैसे ही बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, बालू माफियाओं ने बिना देर किए ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ा दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल एएसआई को तुरंत नवादा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, एएसआई नागेंद्र कुमार की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
एसपी ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
घटना के बाद नवादा एसपी अभिनव धीमान ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नवादा के एसपी अभिनव धीमान ने कहा कि अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, जिससे माफिया बौखलाए हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

