बिहार में आज राजधानी पटना समेत 6 जिलों में शाम 7 बजे सिविल डिफेंस ब्लैकआउट और मॉकड्रिल होगी। हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी और तंत्र की प्रभावशीलता जांचने के लिए यह अभ्यास किया जाएगा। सायरन बजते ही शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक बिजली सप्लाई बंद हो जाएगी।
15 मिनट तक बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी
गृह मंत्रालय के निर्देश पर सिविल डिफेंस ब्लैकआउट और मॉकड्रिल किया जाएगा। ये अभ्यास शाम 7 बजे से शुरू होगा। राजधानी पटना समेत 6 शहरों में शाम ठीक 7 बजे सायरन बजाया जाएगा, जो लगभग 2 मिनट तक चलेगा। जहां सायरन बजते ही पूरे अभ्यास क्षेत्र में 15 मिनट (रात 7:15 बजे तक) बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।
इन 6 शहरों में होगी मॉकड्रिल
इस दौरान आम लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखें। सड़क, घर सहित सभी जगहों पर बिजली गुल रहेगी। साथ ही सड़कों पर भी गाड़ियों को रोक दी जाएगी। इसके अलावा अनिवार्य सेवाओं जैसे अस्पताल, इमरजेंसी लाइट आदि पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है। यह मॉकड्रिल पटना, किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया और कटिहार में आयोजित किया जाएगा।
पटना में 100 स्थानों पर बजेगा सायरन
पटना नगर निगम, दानापुर निजामत, खगौल और फुलवारीशरीफ के 100 से अधिक स्थानों पर शाम 6.58 बजे एक साथ सायरन की आवाज सुनाई देगी। शाम 7 बजे से 7.15 बजे तक पूरा शहर ब्लैक आउट हो जाएगा। डीएम ने सहयोग करने की अपील है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अनुरोध किया है कि वे घबराएं नहीं। यह केवल एक मॉकड्रिल है। अफवाहों पर ध्यान न दें और पूर्ण सहयोग करें।
मॉकड्रिल का क्या है उद्देश्य
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, NDRF, SDRF, एम्बुलेंस, NCC और नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियों और समन्वय को परखना है। वहीं, अस्पतालों में खिड़कियों पर विशेष पर्दे लगाए जाएंगे। ताकि अंदर रोशनी न दिखे।

