जमशेदपुर में चोरों का तांडव: 7 ताले और 2 लॉकर तोड़कर लाखों की चोरी, पुलिस की सुस्ती पर उठे सवाल

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: लौहनगरी में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती दी है। परसुडीह थाना क्षेत्र के गोविंदपुर सुभाष नगर में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 9 से 10 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के दो दिन बाद भी पुलिस जांच के लिए मौके पर नहीं पहुंची है।

सूने घर को बनाया निशाना
पीड़ित शिवशंकर दास के बेटे और होटल संचालक सूरज दास ने बताया कि पूरा परिवार 10 मई को अपने चाचा के श्राद्धकर्म में शामिल होने बहरागोड़ा गया था। घर की रखवाली की जिम्मेदारी एक रिश्तेदार को सौंपी गई थी। लेकिन जब परिवार 12 मई की रात वापस लौटा, तो घर के हालात देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

चोरों ने क्या-क्या लूटा?
अपराधियों ने बड़े इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। घर के मुख्य गेट समेत अलग-अलग कमरों के 7 ताले और 2 लॉकर टूटे मिले। चोरों ने करीब 3 लाख रुपये कैश, 4 से 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, पीतल-तांबे के बर्तन और गैस सिलेंडर पर अपना हाथ साफ किया है। कुल नुकसान का अनुमान करीब 9 से 10 लाख रुपये लगाया जा रहा है।

शिकायत के बाद भी लापता पुलिस
इस पूरी घटना में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित सूरज दास के अनुसार उन्होंने 13 मई को ही परसुडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी थी। इसके बावजूद, 14 मई की रात तक पुलिस का कोई भी अधिकारी या जांच टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों में इस सुस्ती को लेकर भारी आक्रोश है। अब देखना यह है कि पुलिस कब हरकत में आती है और क्या इन चोरों तक पहुंच पाती है।

Share This Article