धनबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को रेलवे द्वारा बड़े पैमाने पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुनियोजित कार्यक्रम के तहत धनबाद रेलवे मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच अभियान के दौरान कुल 68 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ सफर कर रहे यात्री शामिल थे। कार्रवाई के दौरान यात्रियों से कुल 30,115 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।
रेलवे अधिकारियों ने पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट के साथ यात्रा करने की सख्त हिदायत दी। अभियान के दौरान चेकिंग टीमों ने स्टेशन परिसर के अलावा विभिन्न मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी टिकट जांच की।
टिकट जांच अभियान के दौरान स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। धनबाद मंडल द्वारा बताया गया कि बिना टिकट यात्रा रोकने और रेलवे नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।
पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें और जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें।

