डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : शहर में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की तपिश और भीषण गर्मी के बाद शाम करीब 6 बजे आसमान में काले बादल छा गए और 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने लगी। इसके बाद शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर में भारी तबाही मचाई। रात 8 से 9 बजे के बीच महज एक घंटे के भीतर 24.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बिजली संकट: आधा शहर रात भर रहा अंधेरे में
आंधी और बारिश के कारण जमशेदपुर और आदित्यपुर के छह प्रमुख इलाकों में बिजली के पोल और हाईटेंशन तार टूट गए। इसके चलते आधा शहर रात भर ब्लैकआउट की चपेट में रहा।
मानगो की स्थिति सबसे खराब: डिमना रोड, चेपा पुल और होल्डिंग बोर्ड के पास विशाल पेड़ और डालियां हाईटेंशन तारों पर जा गिरीं, जिससे बिजली पूरी तरह ठप हो गई।
आदित्यपुर और अन्य इलाके: कुलुपटांगा बस्ती (NIT मैदान के पास) में 33 हजार वोल्ट का पोल और तार टूट गया। टेल्को के साउथ गेट साइकिल स्टैंड, बारीडीह, कीताडीह, खड़ंगाझार और भालूबासा के कुछ हिस्सों में भी बिजली गुल रही।
पेयजल आपूर्ति बाधित: बिजली ठप होने के कारण मानगो, कीताडीह और खड़ंगाझार में शाम की जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रही। बिजली विभाग की टीमें देर रात तक वैकल्पिक स्रोतों से आपूर्ति बहाल करने में जुटी रही।
50 से अधिक जगहों पर गिरे पेड़, साकची में बड़ा हादसा
शहर के बर्मामाइंस, साकची, कदमा, सोनारी, कालीमाटी और सर्किट हाउस एरिया समेत 14 से अधिक मुख्य मार्गो पर पेड़ और उनकी भारी टहनियां गिरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
साकची में हादसा: साकची के बसंत सेंट्रल के पास शुक्रवार शाम आंधी-बारिश के दौरान एक पेड़ की बड़ी टहनी एक बाइक सवार पर गिर गई। इस हादसे में सरायकेला निवासी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्काल साकची के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बर्मामाइंस यातायात प्रशिक्षण केंद्र के सामने और मानगो बस स्टैंड समेत कुछ इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई।
मौसम विभाग की चेतावनी: 19 मई तक ‘येलो अलर्ट’
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में मानसून की दस्तक से पहले प्री-मानसून गतिविधियों के कारण मौसम का यह मिजाज बदला है।
19 मई तक: शहर में 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने, गरज के साथ वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ‘येलो अलर्ट’ दिया गया है।
20 और 21 मई: आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो स्पेल हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन आंधी की रफ्तार कम रहेगी। तापमान में फिलहाल भारी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
प्रशासन की अपील: मौसम खराब होने पर लोग पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

