बिहार के दरभंगा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मामूली विवाद में एक युवक ने तीन बच्चों और पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने धारदार हथियार से अपने परिवार पर हमला किया और डंडे से पीट-पीटकर उनकी जान ले ली। घटना पतोर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले चंदनपट्टी गांव की है।
मामूली बहस का खूनी अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप दास पश्चिम बंगाल के डालखोला का रहने वाला था और अपनी पत्नी फुलो कुमारी दास तथा बच्चों के साथ पोल्ट्री फार्म में काम करता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। मंगलवार सुबह दोनों के बीच फिर बहस हुई, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया। देखते ही देखते संदीप का गुस्सा हिंसक हो उठा और उसने डंडे व लोहे की रॉड से पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया।
पत्नी और दो बच्चों की मौके पर मौत
हमले में पत्नी और दो बच्चों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीसरे बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय फूल कुमारी दास, उसके सात वर्षीय पुत्र हृदय दास, छह वर्षीय पुत्री संध्या दास और पांच वर्षीय सोन दास के रूप में हुई है।
आरोपी ने की खुदकुकशी की कोशिश
हमले के बाद आरोपी ने खुद की जान लेने की भी कोशिश की और वह घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और तुरंत जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

