जनता दरबार में दिखा प्रशासन का मानवीय चेहरा, दिव्यांग उमेश गंझू को मौके पर मिली ट्राइसाइकिल

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज की संवेदनशील पहल एक बार फिर जनता दरबार में देखने को मिली। मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में दुलमी प्रखंड के बोंगाई गांव निवासी 30 वर्षीय दिव्यांग उमेश गंझू अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त से ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई, जिस पर उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद उमेश गंझू को मौके पर ही ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई।

ट्राइसाइकिल मिलने के बाद उमेश गंझू भावुक नजर आए। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक ट्राइसाइकिल नहीं, बल्कि उनके आत्मनिर्भर जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि जनता दरबार में उनकी समस्या का इतना जल्द समाधान हो जाएगा।

इस दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का बिना किसी अनावश्यक प्रक्रिया और देरी के समाधान करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस पहल के बाद जनता दरबार में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....