तेज रफ्तार कोयला लदा हाइवा घर में घुसा, सो रहा परिवार बाल-बाल बचा; मची अफरा-तफरी

KK Sagar
2 Min Read

पलामू: पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर मंगलवार अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कोयला लदा हाइवा सड़क किनारे स्थित एक रिहायशी मकान में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि मकान का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे, जिससे बड़ा जानलेवा हादसा टल गया और सभी सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार यह घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बैरिया गांव की है। बताया जा रहा है कि मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे पांकी से मेदिनीनगर की ओर जा रहा कोयला लदा हाइवा अचानक अनियंत्रित हो गया और शिव साव के मकान को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज धमाके की आवाज सुनकर पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण आनन-फानन में अपने घरों से बाहर निकलकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे में हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक का पैर केबिन में बुरी तरह फंस गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए तुरंत कटर मशीन का इंतजाम किया। काफी मशक्कत के बाद केबिन का हिस्सा काटकर घायल चालक को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए भेजा गया।

घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर परिवार के सदस्य कमरे में सो रहे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के परिचालन पर चिंता जताई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....