बिहार की राजधानी पटना में दिल को दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी युवक ने गुस्से में आकर अपनी तलाकशुदा पत्नी के परिवार वालों को जिंदा जलाने की कोशिश की। आरोपी युवक दो बोतलों में पेट्रोल भरकर अपने ससुराल पहुंचा और वहां मौजूद अपनी पत्नी, मासूम बच्चे और सास-ससुर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
आरोपी महिला का पहला पति
हादसे में पत्नी प्रिया कुमारी उर्फ मोनी, दो बच्चे 10 वर्षीय आयुष कुमार, 3 वर्षीय सूरज कुमार, ससुर पुरुषोत्तम अग्रवाल और सास नीलम अग्रवाल गंभीर रूप से झुलस गए, वहीं इस जानलेवा हमले में आरोपी भी बुरी तरह झुलस गया। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला का पहला पति है।
तलाक के बाद 15 दिन पहले हुई थी पत्नी की दूसरी शादी
बताया जाता है कि कन्हाई कुमार ने प्रिया कुमारी को तलाक दे दिया था। इसके बाद प्रिया कुमारी उर्फ मोनी अपने मायके आ गई। वो अपने साथ अपने दो बच्चे 10 वर्षीय आयुष कुमार और 3 वर्षीय सूरज कुमार को भी साथ ले आई थी। 15 दिन पहले ही प्रिया की दूसरी शादी हुई है। इसी बात को लेकर कन्हाई कुमार नाराज चल रहा था।
घर में घुसकर पत्नी-बच्चों के ऊपर पेट्रोल डाल लगाई आग
बुधवार को कन्हाई कुमार अपने साथ बोलत में पेट्रोल लेकर ससुराल पहुंचा। उसने घर में घुसकर प्रिया कुमार और दोनों बेटों के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वहीं ससुर पुरुषोत्तम अग्रवाल और सास नीलम अग्रवाल जब बीच बचाव करने आए तो उनपर भी कन्हाई कुमार ने पेट्रोल डाल दी। इससे वो भी आग की चपेट में आ गए। आग लगते ही सभी की चीखें निकलने लगीं। आसपास के लोग शोर सुनकर मौके पर जमा हो गए।
सभी घायल इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती
आनन फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां पुरुषोत्तम अग्रवाल और नीलम अग्रवाल की स्थिति बेहद नाजुक बताई जाती है। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के बाद सिटी डीएसपी 2 डॉक्टर गौरव कुमार और एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की।

