राहुल गांधी ने पीएम मोदी और गृहमंत्री को कह दिया गद्दार, नितिन नवीन ने दिया जवाब, बोले-राजनीति के राहु

Neelam
By Neelam
3 Min Read

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी यूपी में रायबरेली और अमेठी के दौरे पर हैं। इस बीच राहुल गांधी ने रायबरेली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को लेकर विवादित बयान दिया है। राहुल गांधी ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह गद्दार हैं।

राहुल बोलें- नरेंद्र मोदी-अमित शाह गद्दार हैं

अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। अब आर्थिक तूफान आ रहा है और नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी। वे आपसे कहेंगे, रोएंगे और कहेंगे कि मेरी गलती नहीं है। मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है क्योंकि इन्होंने संविधान खत्म किया है। नरेंद्र मोदी-अमित शाह गद्दार हैं। बीजेपी-आरएसएस गद्दार हैं।

सरकार आम लोगों की समस्याओं से दूर-राहुल गांधी

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान टकराव के कारण वैश्विक व्यापार प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट प्रभावित होने से तेल और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होगी, जिससे आने वाले समय में महंगाई बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, गैस और रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी होने वाली हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आम लोगों की समस्याओं से दूर है।

आर्थिक तूफान आ रहा है-राहुल गांधी

कांग्रेस नेता ने कहा, नरेंद्र मोदी आपसे कहते हैं कि विदेश मत जाओ। आपसे कहते हैं सोना मत खरीदो। आपसे कहते हैं इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदो। आने वाले समय में किसान के पास खाद नहीं होगा। आर्थिक तूफान आ रहा है। आप देखना, कुछ ही महीनों में महंगाई कहां जाती है। पेट्रोल के दाम कहां जाते हैं। डीजल के दाम कहां जाते हैं, गैस के दाम कहां जाते हैं। दाल चावल के दाम कहां जाते हैं। खुल के प्रधानमंत्री कहते हैं, सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, और फिर हजारों करोड़ रुपये के जहाज में विदेश चले जाते हैं। आप लोग चुप रहते हो।

राहुल गांधी राजनीति के राहु- नितिन नवीन

राहुल गांधी के विवादित बयान पर अब भारतीय जनता पार्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी को राजनीति का राहु बताया है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेता को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी का आज का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और एक तरह से, उनकी अराजक मानसिकता को दिखाता है। मेरा मानना ​​है कि भारतीय राजनीति के संदर्भ में, जहां शिष्टाचार और सामाजिक सौहार्द एक-दूसरे के प्रति आपसी सम्मान से जुड़े हुए हैं, उनका यह बयान सचमुच खेदजनक है।

Share This Article