बिहार में CM आवास के पास मिली शराब की खाली बोतलें, लालू की बेटी रोहिणी ने पूछा बड़ा सवाल

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में शराबबंदी लागू है। हालांकि, इस कानून पर आए दिन सवाल उठते रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास के पास एक बैग से शराब की खाली बोतलें बरामद हुईं हैं। जिसके बाद राज्य के शराबबंदी कानून के कार्यान्वयन पर नए सिरे से सवाल उठने लगे हैं। 

सीएम आवास के पास से मिलीं महंगी विदेशी शराब की बोतलें

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास के पास से शुक्रवार की सुबह शराब की खाली बोतलें मिलीं। पांच देश रत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से करीब 100 मीटर की दूरी पर विदेशी शराब की बोतलें मिलीं तो हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री आवास के पास शराब की खाली 10 बोतलें मिली हैं। एक बोतल जमीन पर पड़ी थी। बाकी पेपर में रेप कर के एक कपड़े के थैले में रखी थी। शराब की सभी बोतलें महंगे ब्रांड की हैं। एक बोतल की कीमत का मार्केट प्राइज 4 हजार से 5 हजार के बीच है।

जांच में जुटी पुलिस

शराब की बोतल मिलने की सूचना पर सचिवालय थाना प्रभारी गौतम कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी खाली बोतलों को हटवाया। उन्होंने कहा, मामले की जांच की जा रही है। इस मामले पर बिहार पुलिस मुख्यालय में ADG लॉ एंड ऑर्डर सुधांशु कुमार ने कहा कि पुलिस इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को जो जानकारी मिली है, उस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शराबबंदी पर सियासत

इस घटना ने बिहार की शराबबंदी नीति की प्रभावशीलता को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस छेड़ दी है, जो 2016 से लागू है। विपक्षी दलों ने पटना में सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों के आसपास के इलाकों से शराब की बोतलें कथित तौर पर बरामद होने की पिछली घटनाओं का हवाला देते हुए, कानून के कार्यान्वयन पर बार-बार सवाल उठाए हैं। बिहार सरकार का कहना है कि राज्य भर में अवैध शराब व्यापार के खिलाफ प्रवर्तन अभियान जारी हैं।

रोहिणी आचार्य के तीखे सवाल

आरजेडी प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी इस मामले में सवाल उठाया है। रोहिणी आचार्य ने एक्स पर सवाल करते हुए लिखा है, ‘कहीं ऐसा तो नहीं कि अवैध शराब के कारोबारियों की पहुंच मुख्यमंत्री आवास तक है।’ रोहिणी आचार्य ने कहा, ‘मुख्यमंत्री जी… ये कैसी शराबबंदी है जिसमें शराब की बोतल कभी उच्च सुरक्षा वाले विधानसभा परिसर में मिलती है, मंत्रियों-उच्चाधिकारियों के बैठने वाले सरकारी कार्यालयों के गलियारे में मिलती है और सबसे सुरक्षित कही जाने वाली जगह आपके आधिकारिक आवास के समीप भी मिलती है?’

Share This Article