विश्व पर्यावरण दिवस अभियान: धनबाद मंडल के स्टेशनों पर चला जागरूकता अभियान

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान 2026” के आठवें दिवस के अवसर पर गुरुवार को धनबाद मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर वृहद जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रेल कर्मियों, सफाई कर्मचारियों एवं खान-पान स्टॉल संचालकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया गया।

इस दौरान अधिकारियों ने जैविक (गीले) और सूखे कचरे को प्रारंभिक स्तर पर ही अलग-अलग करने के महत्व की विस्तार से जानकारी दी। कर्मचारियों और वेंडरों को बताया गया कि कचरे का सही तरीके से पृथक्करण रेलवे स्टेशनों की स्वच्छता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।

अभियान के तहत स्टेशनों पर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह बंद करने की अपील की गई तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही यात्रियों और कर्मचारियों को नीले डस्टबिन में सूखा कचरा एवं हरे डस्टबिन में गीला कचरा डालने के लिए जागरूक किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों और वेंडरों को वेस्ट सेग्रिगेशन तथा प्लास्टिक उपयोग में कमी के प्रति जागरूक बनाना है। इससे न केवल रेलवे स्टेशनों की स्वच्छता बेहतर होगी, बल्कि रेलवे के कार्बन फुटप्रिंट को कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....