पटना और दिल्ली एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार को मिलेगी विशेष VVIP सुविधा, रनवे तक जाएगी गाड़ी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार को अब पटना और दिल्ली एयरपोर्ट पर विशेष प्रोटोकाल सुविधा प्रदान की जाएगी। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत उनकी गाड़ी सीधे रन-वे तक जा सकेगी। सुरक्षा जांच प्रक्रिया में भी विशेष छूट दी जाएगी। अब तक यह सुविधा केवल कार्यरत मुख्यमंत्री को ही उपलब्ध रहती थी, पूर्व मुख्यमंत्रियों को नहीं मिलती। ऐसे में बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार को केंद्र की मोदी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है।

क्या है इस फैसले के पीछे की वजह

बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुरक्षा प्रोटोकाल, राजनीतिक हैसियत और वीवीआइपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था लागू होने पर एयरपोर्ट परिसर में उनकी आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगी। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में नागर विमानन विभाग की हुई उच्चस्तरीय बैठक में इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है।

जल्द जारी होगा आदेश 

पटना एयरपोर्ट पर अक्सर भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान विशेष इंतजाम करने पड़ते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत उनके आगमन और प्रस्थान के दौरान अलग सुरक्षा प्रबंधन लागू किया जाएगा, ताकि आम यात्रियों और वीवीआईपी मूवमेंट दोनों को सुचारु रखा जा सके। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी इसी तरह की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसके लिए संबंधित एजेंसियों और सुरक्षा विभागों से जरूरी अनुमति ली जा रही है।

नीतीश कुमार की सुरक्षा क लेकर सरकार गंभीर

हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन विभागीय सूत्रों का दावा है कि लगभग सभी आवश्यक मंजूरियां पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही औपचारिक घोषणा सामने आ सकती है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो बिहार की राजनीति में यह एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसला माना जाएगा। साथ ही यह भी संकेत होगा कि पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार को विशेष सुरक्षा और प्रोटोकॉल देने के लिए सरकार गंभीर है।

Share This Article