बिहार में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां अपराधियों की तलाश में पहुंची पुलिस टीम की ही तलाशी हो गई। मोकामा जिले में गैंगस्टर सोनू-मोनू को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस की तलाशी के बाद गैंगस्टर के घर में एंट्री मिली। पटना के बाढ़ के पंचमहला फायरिंग मामले में पुलिस सोनू-मोनू के घर छापेमारी करने पहुंची थी।
एक-एक कर तलाशी देते रहे पुलिस के जवान
गैंगस्टर सोनू-मोनू ने अनंत सिंह के समर्थक मुखिया पति मुकेश कुमार के ऊपर फायरिंग की थी। इसी मामले में देर रात पुलिस गैंगस्टर सोनू-मोनू के घर छापेमारी करने पहुंची। यहां पुलिस के जवानों को सोनू-मोनू के गुर्गों और उसकी मां मुखिया उर्मिला सिन्हा ने रोक लिया। उर्मिला सिन्हा और सोनू-मोनू के गुर्गे घर की तलाशी लेने का विरोध कर रहे थे। काफी देर ड्रामा चला। फिर सोनू-मोनू के गुर्गों ने पुलिस के जवानों की तलाशी ली। पुलिस के जवान एक-एक तलाशी देते रहे और सोनू-मोनू के घर में दाखिल होते रहे। इस दौरान लोग वीडियो बनाते रहे।
अपराधियों के गुर्गों के सामने कतार में खड़े पुलिसकर्मी
तलाशी के दौरान का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में पुलिसकर्मी एक कतार में खड़े होकर अपराधियों के गुर्गों के सामने कतार में खड़े होकर तलाशी देते हुए दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मोकामा के कुख्यात गैंगस्टर सोनू और मोनू के घर के बाहर का है, जहां पुलिस इन दोनों को गिरफ्तार करने और छापेमारी करने पहुंची थी। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से फैल रहा है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फेसबुक पोस्ट से हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि मामला फेसबुक पोस्ट से जुड़ा है। पूरा विवाद नौरंगा जलालपुर पंचायत के सरपंच पति मुकेश सिंह (जो बाहुबली विधायक अनंत सिंह के कट्टर समर्थक बताए जाते हैं) और मुखिया पति प्रमोद सिंह के बीच शुरू हुआ था। बीते दिनों पचमहला पुलिस सादे लिबास में सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह को किसी पुराने मामले में गिरफ्तार करने पहुंची थी। चूंकि प्रमोद सिंह की गिरफ्तारी पर अदालत का रोक आदेश (स्टे ऑर्डर) था, इसलिए उन्होंने पुलिस का कड़ा विरोध किया था।
फेसबुक पोस्ट के बाद सोनू-मोनू ने की फायरिंग
इस घटना के बाद विरोधी गुट के मुकेश सिंह ने फेसबुक पर पुलिस की कथित कार्रवाई की प्रशंसा की। जिसे लेकर शनिवार कि शाम प्रमोद सिंह और मुकेश सिंह के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद प्रमोद सिंह के दोनों बेटे यानी कुख्यात सोनू और मोनू ने मुकेश सिंह पर सरेआम कई राउंड अंधाधुंध हवाई फायरिंग कर दी। इसी गोलीबारी के मामले में पचमहला थानेदार कुंदन कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम सोनू-मोनू की गिरफ्तारी के लिए उनके घर दबिश देने पहुंची थी। लेकिन पुलिस के घर में दाखिल होने से पहले ही, सोनू और मोनू पिछले दरवाजे से फरार हो चुके थे।

