बिहार के गया में पूर्व सांसद स्वर्गीय रंजीत सिंह उर्फ रंग सिंह की बिल्डिंग से भारी मात्रा में नकली व नशीली दवाएं बरामद की गई हैं। पुलिस और ड्रग विभाग ने छापेमारी कर करीब 25 लाख से अधिक मूल्य की कफ सिरप और नींद की गोलियां जब्त की हैं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
घंटों चला तलाशी अभियान
गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित न्यू एरिया पिपरपांती मोहल्ले में सोमवार को ड्रग विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने एक घर में बड़ी छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान घर के अंदर घंटों तक तलाशी अभियान चलता रहा। अचानक हुई इस छापेमारी से मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग घर के बाहर जुट गए।
भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद
जांच टीम ने मकान से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं। अधिकारियों के मुताबिक बरामद दवाओं में लिंग संबंधी बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली मेडिसिन और प्रतिबंधित कफ सिरप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इन दवाओं की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। मौके से विकास कुमार और उनकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
किराए पर है पूर्व सांसद का मकान
बताया जा रहा है कि यह मकान पूर्व सांसद रंजीत सिंह उर्फ रंग सिंह का है, जहां किराए पर पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग का कार्यालय चल रहा है। बता दें कि रंजीत सिंह की मौत हो चुकी है। रंजीत सिंह झारखंड के चतरा जिले से 1980 में कांग्रेस के लोकसभा सांसद थे, और तीन साल पहले उनका निधन हो गया। अब उनकी यह बिल्डिंग किराए पर दी गई थी।
किराएदार विकास कुमार गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि यहां किराएदार विकास कुमार मौहरी नकली दवा का कारोबार कर रहा था। अब पुलिस ने विकास कुमार मौहरी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, लगातार गोपनीय सूचना मिलने के बाद ड्रग विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और मामले का खुलासा हुआ।

