मनातू अंचल में रिश्वतखोरी का आरोप: बुजुर्ग किसान से 85 हजार लेने की चर्चा, खबर के बाद घर पहुंचे अमीन!

KK Sagar
3 Min Read

पलामू जिले के मनातू प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। अंचल अमीन जनेश्वर सिंह पर एक बुजुर्ग किसान से जमीन संबंधी कार्य करवाने के नाम पर मोटी रकम लेने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

बुजुर्ग किसान से 85 हजार लेने का आरोप

जानकारी के अनुसार मनातू क्षेत्र निवासी बुजुर्ग किसान हवा महतो ने आरोप लगाया है कि खेत संबंधी कार्य पूरा कराने के नाम पर उनसे लगभग 85 हजार रुपये लिए गए। परिजनों का कहना है कि पैसे लेने के बावजूद महीनों बीत गए लेकिन अब तक उनका काम पूरा नहीं हुआ। इससे परिवार काफी परेशान है।

खबर प्रसारित होते ही हरकत में आए अमीन!

ग्रामीणों के अनुसार जैसे ही मामला प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित हुआ, उसके बाद अंचल अमीन जनेश्वर सिंह किसान के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने परिजनों को समझाने-बुझाने की कोशिश की और भरोसा दिलाया कि उनका काम जल्द कर दिया जाएगा। गांव में इस बात की भी चर्चा है कि “बुजुर्ग हो गए हैं, किसी को मत फंसाइए” जैसी बातें कहकर मामला शांत कराने का प्रयास किया गया।

दलाल की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे मामले में एक कथित दलाल सक्रिय था, जिसने पैसे के लेन-देन में अहम भूमिका निभाई। ग्रामीणों का आरोप है कि मनातू अंचल में कई काम बिना बिचौलियों के आगे नहीं बढ़ते। इससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

मामले को दबाने की कोशिश का भी आरोप

कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि खबर सामने आने के बाद मामले को कमजोर करने और दबाने की भी कोशिश की गई। चर्चा है कि एक कथित चाटुकार पत्रकार के माध्यम से पूरे प्रकरण को हल्का दिखाने का प्रयास हुआ, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

जांच की मांग तेज

हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पूरे मामले की पारदर्शी जांच हो तो सच्चाई सामने आ सकती है और दोषियों पर कार्रवाई संभव है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....