अमेरिका में आसमान से आया ‘धमाका’, मैसाचुसेट्स के ऊपर फटा विशाल उल्कापिंड, कई राज्यों में महसूस हुई कंपन

KK Sagar
2 Min Read

अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मैसाचुसेट्स (Massachusetts) के ऊपर एक विशाल उल्कापिंड (Meteor) वायुमंडल में फट गया। इस घटना के बाद कई इलाकों में तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और लोगों ने जमीन तथा इमारतों में कंपन महसूस होने की शिकायत की।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह उल्कापिंड न्यू हैम्पशायर और मैसाचुसेट्स की सीमा के पास पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश किया। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA और American Meteor Society के अनुसार, यह लगभग 75,000 मील प्रति घंटे की रफ्तार से यात्रा कर रहा था और जमीन से करीब 40 मील ऊपर पहुंचकर टुकड़ों में बिखर गया।

वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस विस्फोट से लगभग 300 टन TNT के बराबर ऊर्जा निकली, जिसके कारण तेज ‘सोनिक बूम’ पैदा हुआ। यही वजह रही कि मैसाचुसेट्स, रोड आइलैंड, न्यू हैम्पशायर समेत कई इलाकों में लोगों ने जोरदार धमाके और कंपन महसूस किए।

घटना का असर इतना व्यापक था कि डेलावेयर से लेकर कनाडा के मॉन्ट्रियल तक लोगों ने आसमान में चमकदार आग के गोले (Fireball) को देखने और धमाके सुनने की जानकारी दी। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट साझा कर इस रहस्यमयी आवाज का जिक्र किया।

शुरुआत में लोगों को आशंका थी कि कहीं यह भूकंप या किसी विस्फोट की घटना तो नहीं है, लेकिन अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी प्रकार की भूकंपीय गतिविधि दर्ज नहीं हुई। बाद में जांच में पुष्टि हुई कि यह एक उल्कापिंड के वायुमंडल में फटने से उत्पन्न हुआ प्रभाव था।

अधिकारियों के अनुसार इस घटना से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। वैज्ञानिकों का मानना है कि अधिकांश उल्कापिंड वायुमंडल में ही जलकर नष्ट हो गया और यदि कोई हिस्सा बचा भी होगा तो उसके समुद्र में गिरने की संभावना अधिक है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....