बोकारो। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में कृषि, आत्मा शासकीय निकाय, पशुपालन, गव्य विकास, सहकारिता, मत्स्य, उद्यान एवं जिला भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने खरीफ मौसम की तैयारियों, बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), किसान पाठशाला, पशुधन विकास योजनाओं, वैक्सीनेशन अभियान तथा मत्स्य एवं उद्यान विभाग की योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन लाभुकों को अनुदान की राशि उपलब्ध करा दी गई है, लेकिन वे योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि नहीं दिखा रहे हैं, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही पशुओं के वैक्सीनेशन अभियान को तेज गति से चलाने का निर्देश दिया।
बैठक में खरीफ 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में खरीफ फसलों की खेती के लिए 1 लाख 37 हजार 270 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों को अनुदानित दर पर धान बीज उपलब्ध कराने के लिए राज्य स्तर से अब तक 2000 क्विंटल बीज आवंटित किया जा चुका है।
केसीसी योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि विशेष शिविरों के माध्यम से किसानों से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। वहीं किसान पाठशाला के तहत विभिन्न केंद्रों पर फेंसिंग, सोलर पंप, पॉली हाउस, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, मत्स्य पालन तालाब, प्रशिक्षण केंद्र और पशु शेड सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
मत्स्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि वेद व्यास योजना के तहत 35 लाभुकों को लाभान्वित किया जाना है और इसके लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। उद्यान विभाग के अंतर्गत सब्जी एवं पुष्प खेती, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, गृह वाटिका तथा शेड नेट जैसी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी विभागों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

