धनबाद। पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल अंतर्गत अंगारपथरा हॉल्ट के पास चलती ट्रेन से यात्री का मोबाइल छीनने वाले एक आरोपी को ग्रामीणों, स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन, एक अन्य मोबाइल तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र निवासी सिंटू राज 8 जून की रात 15027 मौर्य एक्सप्रेस से रांची से जमुई जा रहे थे। ट्रेन जब रात करीब 9:25 बजे अंगारपथरा हॉल्ट के पास धीमी गति से गुजर रही थी, तब वह कोच के गेट के पास खड़े होकर अपने मोबाइल से घर पर बात कर रहे थे।
इसी दौरान रेलवे लाइन किनारे खड़े कुछ बदमाशों में से एक ने डंडे से वार कर उनका मोबाइल नीचे गिरा दिया। अचानक हुए हमले से संतुलन बिगड़ने पर यात्री भी ट्रेन से नीचे गिर गया। इसी बीच अपराधियों ने मोबाइल झपट लिया और भागने लगे।
यात्री के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान झाड़ियों में छिपाकर रखी गई बिना नंबर प्लेट की एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना अंगारपथरा की गश्ती टीम और आरपीएफ कतरास ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। बाद में आरोपी और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी कुसुंडा को सौंप दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु कुमार चौहान, निवासी अंगारपथरा हॉल्ट, धनबाद के रूप में हुई है। उसके पास से यात्री का रियलमी मोबाइल फोन, एक रेडमी मोबाइल तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
यात्री की लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी कुसुंडा में कांड संख्या 02/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच का जिम्मा एएसआई दसमत मुर्मू को सौंपा गया है।
पुलिस द्वारा किए गए प्रारंभिक सत्यापन में आरोपी के खिलाफ सीसीटीएनएस (ICJS) में कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज नहीं मिला है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

