RJD को ‘लठैत पार्टी’ बताने वाले विधायक पर भड़कीं रोहिणी आचार्य, बोलीं- ये लालू के विरोधियों की भाषा

Neelam
By Neelam
4 Min Read

लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर अपने पिता लालू यादव के कथित विरोधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रोहिणी आचार्य के निशाने पर इस बार बोधगया से राजद विधायक कुमार सर्वजीत हैं। राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने एक यूट्यूब चैनल से बात करते हुए ‘राजद को लठैत पार्टी’ बताया था। इसी बात को लेकर रोहिणी आचार्य ने उन पर जमकर निशाना साधा और उन्हें लालू विरोधियों की कतार में खड़ा कर दिया।

आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत पर भड़कीं रोहिणी

बोधगया से आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत ने एक पॉडकास्ट में आरजेडी को ‘लठैत पार्टी’ करार देते हुए यह दावा किया कि संजय यादव के आने के बाद से राजनीतिक दल में सुधार हुए हैं. रोहिणी आचार्य ने विधायक के इस बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा, “जिस थाली में खाना उसी में छेद करना इसे ही कहते हैं। एक विधायक द्वारा यह कहा जाना कि आरजेडी एक लठैत पार्टी थी, बिल्कुल सामंती सोच वाला बयान है।”

लालू विरोधियों पर हमला

रोहिणी आचार्य ने बिना किसी का नाम लिए लालू के विरोधियों पर हमला बोला। उन्होंने कहा, ये लालू जी की विचारधारा के विरोधियों की भाषा है। कहीं ऐसा तो नहीं कि विधायक विरोधियों और राजद में घुसपैठ कर बैठे विरोधियों के शह पर ऐसा बोल रहे हैं ! वर्षों से राजद में हैं विधायक, राजद के गठबंधन वाली सरकार में मंत्री भी रहे, सांसदी का चुनाव भी राजद के सिंबल पर लड़ा, मगर उन्हें पहले कभी राजद के बारे में वो नजर नहीं आया जो अचानक आज नजर आने लगा ?

लालू यादव कतो कहा गरीब-गुरबों के मसीहा

कुमार सर्वजीत पर भड़कते हुए रोहिणी आचार्य ने कहा, दुनिया जानती है कि लालू जी का राष्ट्रीय जनता दल गरीब-गुरबों, शोषितों-वंचितों का दल था, हाशिए पर खड़ी आबादी के अधिकार के लिए लड़ने, आवाज उठाने वाला दल था और गरीब विरोधी, सामजिक न्याय के विरोधियों के द्वारा ही राजद के बारे में ऐसा दुष्प्रचार किया गया, जैसा राजद के ये विधायक कर रहे हैं।

संजय यादव ने राजद को बर्बादी की कगार पर खड़ा किया-रोहिणी

लालू की बेटी ने आगे कहा कि विधायक जिस संजय यादव को राजद को ट्रांसफॉर्म करने का क्रेडिट दे रहे हैं, उसने तो राजद को बर्बादी की कगार पर ला खड़ा किया, लालू जी के परिवार में फूट डाल दी, उसकी ही वजह से संख्याबल के हिसाब से भी राजद लगातार चुनावों में पिछड़ता चला गया, संगठन संजय के दलालों – गुर्गों की गिरफ्त में आ कर कमजोर हो गया। अगर संजय यादव और उसके ऐसे ही किसी और में इतनी ही काबिलियत है , तो क्यूँ नहीं वो अपनी एक हाई-टेक पार्टी बना अपनी काबिलियत आजमा लेता?

संजय यादव और रमीज नेमत पर गंभीर आरोप

बता दे कि बिहार विधानसभा में करारी हार के बाद से ही लालू परिवार में घमासान मचा हुआ है। परिवार बिखर रहा, इसका आरोप तेजस्वी के करीबी संजय यादव पर लग रहा है। तेजप्रताप यादव अब तक इन्हें जयचंद बताते थे, उनके बाद लालू यादव की बेटी रोहिणी ने भी मोर्चा खोल रखा है। रोहिणी ने तेजस्वी के करीबी संजय यादव और रमीज नेमत पर गंभीर आरोप लगाए थे।

Share This Article