धनबाद। धनबाद के धनुडीह स्थित चीनकोठी बस्ती के समीप सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तार को लेकर ग्रामीणों और कंपनी समर्थकों के बीच विवाद हो गया। बस्ती के पास ओबी (ओवरबर्डन) डंपिंग का विरोध कर रहे ग्रामीणों और कंपनी समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मारपीट और हवाई फायरिंग का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर कंपनी समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही धनबाद के मेयर संजीव सिंह और धनुडीह ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। घटनास्थल से एक खोखा बरामद होने की भी सूचना है।
उच्चस्तरीय बैठक तक डंपिंग कार्य रोकने की मांग
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की आपत्तियों के बावजूद विवादित स्थल पर ओबी डंपिंग की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध कर रहे ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई। मेयर ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक इस मामले पर उच्चस्तरीय बैठक नहीं हो जाती, तब तक विवादित स्थल पर ओबी डंपिंग का कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
ग्रामीण ने सुनाई आपबीती
ग्रामीण सुनील कुमार मंडल ने बताया कि कथित अवैध ओबी डंपिंग का विरोध करने पर लगभग 30 लोग मौके पर पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान फायरिंग भी की गई, जिससे उनका हाथ टूट गया।
पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि से किया इनकार
सिंदरी के एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि ओबी डंपिंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। उन्होंने फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं की और कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

